
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सोनू करूआ उर्फ लोलो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भाटिया बस्ती स्थित गोस्वामी पथ का निवासी बताया जा रहा है। पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज ठाकुर ने प्रेस वार्ता में किया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कदमा-सोनारी लिंक रोड पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बाइक पर पड़ी। जब वाहन को रोका गया और दस्तावेजों की जांच की गई, तो बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। शक गहराने पर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने बाइक चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लग सकेगी।

