
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर को पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार दोपहर सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित काशाई रोड के पास से पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
घटना के संबंध में बताया गया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह का एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बारीडीह इलाके में किसी ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
खदेड़कर पकड़ा गया आरोपी
बारीडीह गोलचक्कर के पास तलाशी के दौरान पुलिस ने हुलिये के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को काशाई रोड की ओर जाते देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पिंकू कर्माकार उर्फ पुसा (35 वर्ष), निवासी मखदमपुर (परसुडीह) के रूप में हुई है।
बैग से मिला 3 किलो से अधिक गांजा
तलाशी के दौरान आरोपी के काले रंग के पिट्ठू बैग से भूरे रंग के तीन पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर उसमें 3 किलो 71 ग्राम गांजा मिला। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है।
पुराना अपराधी है ‘पुसा’
गिरफ्तार पिंकू कर्माकार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में परसुडीह थाने से मोटरसाइकिल चोरी और पंजाब के अमृतसर से एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। सिदगोड़ा पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

