
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की है. टाइगर मोबाइल के जवान मोहम्मद तबरेज खान और उनकी टीम की सतर्कता से करीब 3 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया.
जानकारी के मुताबिक, ओल्ड बारीडीह कोसी रोड के पास गश्ती के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो काले रंग का बैग लिए खड़ा था. उसकी हरकतों पर शक होने पर पुलिस ने तुरंत उसे रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान पिंकू कर्मकार के रूप में हुई है. वह परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर मछुआपाड़ा का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पंजाब में जेल जा चुका है.
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल उससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी. पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

