
पटमदा : सोमवार को बोड़ाम में झारखंड राज्य किसान सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बोंटा गांव से माधवपुर तक बनी नई सड़क के लिए भूमि देने वाले रैयतों को उचित मुआवजा दिलाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित 6 गांवों के किसानों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी जमीन का उपयोग किया गया, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इसको लेकर किसानों में गहरा असंतोष व्याप्त है। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। किसान सभा के नेतृत्व में इस मुद्दे को लेकर आगे आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने, धरना-प्रदर्शन करने और आवश्यक होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी शामिल है।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला किसान सभा (माकपा) के अध्यक्ष कामरेड लोटन दास, गुरुपद महतो, फूलचंद सिंह, सुभाष सहिस, निरंजन रुहिदास, डोमन महतो, माणिक महतो, विश्वनाथ कोड़ा और आनंदो महतो सहित कुल छह गांवों के किसान एवं जमीन दाता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

