
आदित्यपुर (का.प्र.): आदित्यपुर_01 के मार्ग संख्या_14 निवासी सचिन शर्मा का अंतिम संस्कार आज शाम को पार्वती घाट पर हुआ. इससे पूर्व उनके आवास से शवयात्रा निकाली गई, जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. उल्लेखनीय है कि सचिन की विगत दो अप्रैल की रात्रि लगभग 10.30 बजे बेंगलुरु में एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी, जहां वह रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था. सचिन का शव आज बेंगलुरु से रांची लाया गया तथा उसके बाद शव रांची से आदित्यपुर स्थित आवास पर पहुंचा. उसके बाद पार्वती घाट पर गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार हुआ. जानकारी के अनुसार, घटना के समय सचिन बेंगलुरु में सड़क पार कर रहा था, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकिदुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सचिन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
सचिन के पिता विनोद शर्मा और उनका पूरा परिवार इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं. आदित्यपुर स्थित उनके निवास और मार्ग संख्या_14 के आस_पास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने सचिन को एक होनहार युवक बताया जो अपने सुनहरे भविष्य के लिए बाहर पढ़ने गया था.परिजनों द्वारा बेंगलुरु पुलिस से संपर्क साधा गया है. और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

