
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा नाला के पास उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब सरकारी जमीन पर बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को अचानक रोक दिया गया.
स्थानीय महिला ने जताया विरोध, काम रुकवाया
जानकारी के अनुसार करीब 55 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का स्थानीय महिला जानकी देवी और उनके परिजनों ने विरोध किया. उन्होंने जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताते हुए जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर निर्माण कार्य रुकवा दिया.
पुलिस पहुंची, महिलाओं का विरोध
स्थिति बिगड़ती देख तत्काल परसुडीह पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम जानकी देवी समेत उनके परिजनों को थाना ले गई. इस दौरान महिलाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन भी किया गया.
“पुश्तैनी जमीन है, निर्माण नहीं होने देंगे”
जानकी देवी ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन उनकी पुश्तैनी है और किसी भी हालत में यहां निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने जिला प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर इस जमीन को चिन्हित कर निर्माण कराया जा रहा है.
प्रशासन का दावा—सरकारी जमीन पर हो रहा निर्माण
वहीं प्रशासन का कहना है कि संबंधित जमीन सरकारी है. खाता संख्या 479 और प्लॉट संख्या 1255 के तहत कुल 1.01 एकड़ भूमि उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की गई है, और स्थल पर सरकारी बोर्ड भी लगाया गया है.
स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने की योजना
सरकार की योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर की जा सकें. इसी क्रम में इस स्थान का चयन किया गया है.
ठेकेदार ने दर्ज कराई शिकायत
निर्माण कार्य में बाधा डालने को लेकर ठेकेदार द्वारा परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

