
उदित वाणी, आदित्यपुर : सालडीह बस्ती, आदित्यपुर में बजरंग क्लब के पास हथियार बन्द अपराधियों ने खूब उत्पात मचाया. इस दौरान लगभग आधा दर्जन अपराधियों ने न सिर्फ पत्थरबाजी की, बल्कि मोहित देशपांडे नामक युवक के उपर पीछे से चापड़ से हमला करने और पिस्तौल से फायरिंग करने का प्रयास भी किया. मोहित देशपाँडे ने आरोपियों के उपर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया. धटना के समय मोहित अपने घर के बाहर खड़ा था. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

घटना आज दिन के लगभग 11.30 बजे की बतायी जाती है. सूचना मिलते हीं आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दल-बल के साथ स्थल पर पहुंचे. पुलिस टीम ने घटनास्थल से दो जिंदा गोली और एक मैगजीन भी बरामद किया है. थाना प्रभारी ने बताया कि “किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. और शीघ्र हीं सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
इस संबंध में रमेश देशपाँडे के पुत्र मोहित देशपाँडे के द्वारा आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत की गई है, जिसमें चन्दन बच्चा, प्रेम बच्चा, शंभू महतो (छोटू महतो) सहित अन्य को आरोपी बनाया गया है. जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ ‘लोह-लश्कर’ के साथ बस्ती में घुसे थे तथा उन्होंने स्थानीय निवासियों को निशाना बनाने की कोशिश की. हालांकि, बस्तीवासियों की एकजुटता और जबाबी दबिश के आगे अपराधी टिक नहीं पाये और वहाँ से भाग खड़े हुए. हालाँकि इस दौरान बस्तीवासी आदित्यपुर पुलिस की निष्क्रियता से आक्रोशित भी दिखे.

नशे और आतंक का अड्डा बनता जा रहा है सालडीह बस्ती
बस्तीवासियों का आरोप है कि सालडीह बस्ती नशे और आतंक का अड्डा बनता जा रहा है. अपराधी किस्म के युवक अक्सर नशे की हालत में बस्ती में आकर लोगों को डराते-धमकाते हैं. इससे पूर्व गुरुवार को भी इन अपराधियों ने एक व्यक्ति के उपर फरसा से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. बस्तीवासियों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे हैं.

