
उदित वाणी, जमशेदपुर : रांची स्थित डोरंडा में झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में 12 मार्च 2026 को संपन्न हुए चुनाव की मतगणना प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है. राज्य के सभी 37 जिला बार संघों में डाले गए मतों की प्रथम वरीयता की गिनती पूरी कर ली गई है. इस संबंध में अधिवक्ता अक्षय कुमार झा और मिथिलेश सिंह ने जानकारी साझा की.
बताया गया कि पूरे झारखंड में कुल 16,845 मत पड़े थे, जिनमें से 601 मत अमान्य घोषित कर दिए गए. इस प्रकार 16,244 मतों को वैध माना गया है. इन वैध मतों के आधार पर कुल 23 सदस्यों का चयन होना है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य शामिल हैं.
जमशेदपुर जिला बार संघ की बात करें तो यहां प्रथम वरीयता के मतों में अनिल कुमार तिवारी सबसे आगे रहे, जिन्हें 363 मत प्राप्त हुए. उनके बाद राजेश कुमार शुक्ला को 280 वोट और प्रकाश कुमार झा को 221 मत मिले. इसके अलावा अन्य नौ प्रत्याशियों को भी क्रमवार मत प्राप्त हुए, जिससे मुकाबला रोचक बना हुआ है.
महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह को 52 मत और रंजना कुमारी को 36 मत प्राप्त हुए हैं. हालांकि, अंतिम परिणाम अभी तय नहीं हुआ है, क्योंकि यह चुनाव बहुवरीयता प्रणाली (प्रेफरेंशियल वोटिंग) पर आधारित है.
चुनाव प्रक्रिया के तहत प्रत्येक अधिवक्ता को कम से कम पांच वरीयता वाले मत देना अनिवार्य था. इसी कारण संभावना जताई जा रही है कि परिणाम स्पष्ट होने के लिए कम से कम पांच चरणों तक मतों की गिनती करनी पड़ सकती है.
मतगणना का अगला चरण 6 अप्रैल 2026 से शुरू होगा, जिसमें द्वितीय वरीयता के मतों की गणना की जाएगी. इसके बाद क्रमशः अन्य वरीयताओं की गिनती होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि पांचवीं वरीयता तक की गणना पूरी होने के बाद ही सभी 23 विजयी उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
फिलहाल प्रथम वरीयता के परिणामों ने कई दिग्गज उम्मीदवारों की मजबूत स्थिति का संकेत दिया है, लेकिन अंतिम नतीजे आने तक समीकरण बदलने की पूरी संभावना बनी हुई है.

