
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गर्ग इंजीनियरिंग यूनिट-02 में काम के दौरान विष्णुदेव कुम्हार नामक मजदूर के हाथ की उंगली कट गई थी. कंपनी प्रबंधन के द्वारा पीड़ित मजदूर का प्राथमिक उपचार तो कराया गया. परन्तु अब तक नौकरी और मुआवजा राशि नहीं दी गई है.
घटना विगत 8 सितंबर की है. भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के कोल्हान प्रभारी संजय गोराई आज पीड़ित मजदूर के परिजनों के साथ कंपनी पहुंचे तथा कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मानवीय आधार पर विचार करते हुए घायल मजदूर को उचित मुआवजा और स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई है.
संघ ने चेतावनी दी है कि अगर कंपनी प्रबंधन जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा. संघ के अनुसार कंपनी परिसर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जाता है.

