
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर पुलिस ने विगत 14 मार्च को चूना भट्टा बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान पर हुई फायरिंग के मामले में नामजद कुख्यात आरोपी प्रकाश पांडेय उर्फ ऋषि पांडेय (वास्तु विहार कॉलोनी, आदित्यपुर-02 में साईं कॉलोनी निवासी) को गिरफ्तार किया है, जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस के द्वारा उक्त कार्रवाई आदित्यपुर थाना कांड संख्या_77/2026 के मामले में की गई है. बताया जाता है कि पकड़ा गया आरोपी शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं. विगत 14 मार्च 2026 की दोपहर करीब 01:40 बजे घटित इस घटना में ‘संजय इलेक्ट्रॉनिक्स’ दुकान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी. इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी. इस मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था.
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध दर्ज हैं कई संगीन
गिरफ्तार प्रकाश पांडेय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं:
1) आदित्यपुर थाना (2025): लूट और डकैती (धारा 395/412) का मामला।
2) आदित्यपुर थाना (2019): मारपीट और रंगदारी (धारा_323/386/427/504) का मामला।
3) आदित्यपुर थाना (2019): चोरी और धमकी (धारा 341/323/506/504/379/34) का मामला।
4) बिष्टुपुर थाना (2021): हत्या का प्रयास (धारा 307/323/379/34) का मामला.
छापामारी टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, अवर निरीक्षक सतीश वर्णवाल, रमण कुमार विश्वकर्मा, विनोद टुडू और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

