
उदित वाणी,जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 1 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर डोबो पुल के पास मरीन ड्राइव रोड पर छापेमारी कर पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया।
मामले की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाशी ली, जिसमें उनके पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर (लगभग 5 ग्राम) और 6000 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में भारती कैवर्ती (40 वर्ष), उसका पुत्र विशाल कैवर्ती (20 वर्ष), रिषभ साहु (29 वर्ष) और कुमार बहादुर (32 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रिषभ साहु और कुमार बहादुर सोनारी क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री करते थे। हाल ही में इनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे नशीले पदार्थ का सेवन करते नजर आए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि भारती कैवर्ती और उसका बेटा इस नेटवर्क में सप्लायर की भूमिका निभाते थे, जबकि उन्हें जुगसलाई निवासी एक व्यक्ति द्वारा माल उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

