
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र स्थित अशोका टॉवर फेज-2 में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां छठी मंजिल का छज्जा अचानक गिरने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान मनोहर धीवर के रूप में की गई है, जो घटना के वक्त पास की दुकान पर कुछ सामान लेने गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब कुछ सामान्य था, तभी अचानक इमारत का छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे के नीचे दबने से मनोहर धीवर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
घायल अवस्था में उन्हें एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छज्जा गिरने के पीछे लापरवाही, निर्माण दोष या अन्य कोई कारण जिम्मेदार है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की अन्य इमारतों की सुरक्षा की तत्काल जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

