
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह स्थित विजय गार्डन गेट नंबर-1 के समीप देर रात एक भयावह सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान अभिषेक डे के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और नाइट शिफ्ट खत्म कर अपने घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपनी बाइक से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरिया (लोहे की छड़) लदा एक ट्रेलर भी उसी मार्ग से गुजर रहा था। अचानक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई जब चालक ने लापरवाही दिखाते हुए ट्रेलर को आगे बढ़ा दिया और अभिषेक को कुचलते हुए फरार हो गया। इस दर्दनाक घटना में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आसपास के लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि महीने का अंतिम दिन होने के कारण अभिषेक की ड्यूटी देर रात तक चली थी। घर लौटते समय उन्हें इस दर्दनाक हादसे का शिकार होना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

