
आदित्यपुर: रसोई गैस की बुकिंग और वितरण में की जा रही मनमानी और इसकी वजह से आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी की खबरें सामने आने के बाद प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गई है. आरोप केसरी गैस सर्विस के संचालक और उनके स्टॉफ पर लग रहे थे. इस क्रम में सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश आदित्यपुर पहुंचे.
अनुमंडल पदाधिकारी ने केसरी गैस सर्विस के मुख्य गोदाम और दफ्तर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान मंगलवार को बांटे गए रसोई गैस सिलेंडरों का वितरण रसीद प्रस्तुत नहीं दिखाने पर अनुमंडल पदाधिकारी ने एजेंसी के प्रोपराइटर अश्विनी कुमार केसरी और उनके स्टॉफ की जमकर फटकार लगाई.
दो-तीन दिन में वितरण रसीद न दिखाने पर होगी कार्रवाई:
एसडीओ ने दो से तीन दिनों के भीतर वितरण रसीद प्रस्तुत करने का निर्देश दिया तथा ऐसा नहीं करने पर एजेंसी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात भी कही. इसमें एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने और आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई भी शामिल है. उन्होंने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान एजेंसी के मौजूदा स्टॉक, सप्लाई चेन तथा वितरण बही की जांच भी की गई. इस दौरान बांटे गए गैस सिलेंडर्श का आधिकारिक वितरण स्लिप गायब मिला, जो कि वित्तीय और प्रशासनिक हेराफेरी की ओर इशारा करता है.
डीएससी नंबर मिलने के बावजूद उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा था रसोई गैस सिलेंडर
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को केसरी गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर काफी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो गई थी, जो कि ऑनलाइन बुकिंग कराने और मोबाइल फोन पर डीएसी नंबर प्राप्त होने के बाद रसोई गैस लेने के लिए वहां पहुंचे थे. वहां पहुंचे उपभोक्ताओं को रसोई गैस देने के बजाय एजेंसी के द्वारा टाल_मटोल किया जा रहा था. स्थानीय लोग उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे हैं.

