
उदित वाणी,जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी में हुए चापड़ हमले के मामले में घायल युवक कमलजीत सिंह (20) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी मिलन फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक के पिता मनोज सिंह ने बताया कि मिलन ने शराब के नशे में उनके बेटे पर चापड़ से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल (एजीएम) में भर्ती कराया। स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर किया, जहां से 12 मार्च को पुनः एमजीएम अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई थी।
हालांकि, बीती रात अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक जांच के बाद उसे फिर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कमलजीत सिंह महौलबेड़ा स्थित शिव मोटर में पुरानी गाड़ियों के खरीद-बिक्री का काम करता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है और इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

