
उदित वाणी,झारखंड: कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर बुधवार को एक भयावह सड़क हादसा हो गया, जिसमें हाईवा चालक रोशन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, रोशन सिंह जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सुखिया बस्ती का निवासी था। वह हाईवा लेकर जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं ट्रक चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवागमन बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

