
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय ने प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. एस.एन. ठाकुर को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान कर विदाई दी. स्नातककोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में आयोजित एक समारोह में डॉ. ठाकुर को उनकी 42 वर्षों की लंबी और उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवा के उपरांत विदाई दी गई. अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज और विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में एक समर्पित शिक्षक और मार्गदर्शक के रूप में हज़ारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाई है.
कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने यह पहल की, जिसके तहत डॉ. ठाकुर को उनके अंतिम कार्य दिवस पर ही मासिक पेंशन, ग्रैच्युटी, अर्जित अवकाश नकदीकरण, सामूहिक बीमा और भविष्य निधि (पीएफ) की पूर्ण राशि सौंप दी गई. इस अवसर पर विभागाध्यक्ष ने कुलपति की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास विश्वविद्यालय की कार्यकुशलता का प्रतीक है, जहाँ एक शिक्षक को उनके सेवा-समापन के दिन ही बिना किसी विलंब के सभी लाभ सम्मानपूर्वक उपलब्ध कराए गए.
विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने डॉ. ठाकुर के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उनके अनुशासन और समर्पण को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया. विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुखद भविष्य की कामना की गई.
इस भव्य आयोजन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय यादव, कुलानुशासक डॉ. राजेंद्र भारती, कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय सिंह और उप-कुलसचिव डॉ. एम. के. मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे. साथ ही विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, डॉ. दारा सिंह गुप्ता, श्री शरत चंद्र सहित विश्वविद्यालय के कई विभागाध्यक्ष, शिक्षक और कर्मचारी भी इस विदाई के साक्षी बने.

