
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर से विगत 8 जनवरी से लापता किशोरी को पुलिस ने सोमवार देर रात बरामद कर लिया है. पुलिस के द्वारा इस मामले में शंभू मिर्धा नामक एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद आरोपी युवक को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. जबकि बरामद किशोरी को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के हवाले कर दिया गया है.
सरायकेला के एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि संबंधित मामले में प्राथमिकी भी दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी में विलंब हो रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. एसआईटी में शामिल जांच पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने तकनीकी सेल की मदद से सोमवार देर रात आरोपी युवक और किशोरी को बरामद कर लिया.

