
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद नौशाद जुगसलाई के खरकई नदी के पास स्थित गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से 5.35 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित छापेमारी अभियान चला रही थी. इसी दौरान खरकई नदी के समीप रेलवे पुल के बेसमेंट के पास स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक नजर आया. शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो स्कूटी की डिक्की से ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके पुराने आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है. यह कार्रवाई डीएसपी तौकीर आलम और जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है.

