
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन से संचालित ट्रेनों की लगातार देरी को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू), जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम द्वारा 7 अप्रैल को एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह धरना यात्रियों को हो रही भारी असुविधा और रेलवे प्रशासन की कथित अनदेखी के विरोध में किया जा रहा है.
जदयू नेताओं ने बताया कि बीते कुछ समय से ट्रेनों के अनियमित परिचालन के कारण आम यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यवसायियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. समय पर ट्रेनें नहीं चलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बावजूद इसके रेलवे प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
बढ़ रहा है जनाक्रोश
पार्टी का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसी के मद्देनजर जदयू ने इस जनहित मुद्दे को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया है.
सरयू राय की मौजूदगी
इस धरना कार्यक्रम में जदयू के विधायक सरयू राय भी शामिल होंगे और आंदोलन को अपना समर्थन देंगे. इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे.
लोगों से भागीदारी की अपील
जदयू, जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम ने सभी नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस धरना कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें, ताकि रेलवे प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए मजबूर किया जा सके.
इस धरना को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाने की तैयारी की जा रही है.

