जमशेदपुर: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जमशेदपुर ने अपने इंस्टिट्यूट हेल्थ सेंटर में अत्याधुनिक पैथोलॉजी केंद्र का उद्घाटन कर कैंपस स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा दी है. इस सुविधा का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर गौतम सुतरधर ने फैकल्टी, स्टाफ, छात्रों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया.
यह नया केंद्र संस्थान के भीतर डायग्नोस्टिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, जिससे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को समय पर और सटीक पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध हो सकें. आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह केंद्र विभिन्न प्रकार की लैब जांच सेवाएं प्रदान करेगा.
कैंपस में ही मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
इस अवसर पर निदेशक प्रो. गौतम सुतरधर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण की आधारशिला होती है. उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से अब संस्थान के सदस्यों को कैंपस के भीतर ही त्वरित और विश्वसनीय जांच सुविधा मिल सकेगी. इंस्टिट्यूट हेल्थ सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभय कुमार ने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से नियमित जांच के लिए बाहरी लैब पर निर्भरता काफी कम हो जाएगी, जिससे समय की बचत के साथ उपचार में निरंतरता बनी रहेगी.
स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम को इंस्टीट्यूट मेडिकल सर्विसेज के अध्यक्ष डॉ. एम. ए. हसन और रजिस्ट्रार प्रोफेसर एस. के. सारंगी ने भी संबोधित किया. उन्होंने इस पहल को संस्थान के बुनियादी ढांचे में एक महत्वपूर्ण और आवश्यक विस्तार बताया. इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस नई सुविधा का स्वागत किया. यह केंद्र भविष्य में निवारक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में कार्य करेगा.


