
जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत ग्राम डोमजुड़ी में सोमवार को मुख्यमंत्री उज्ज्वला झारखंड योजना के तहत बिजली व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। विधायक संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके निर्देश पर विधायक के प्रतिनिधिमंडल ने सामूहिक रूप से कार्य की शुरुआत की।
जर्जर संरचना हटाकर आधुनिक व्यवस्था की ओर कदम
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि योजना के तहत गांव में वर्षों पुराने और जर्जर बिजली तारों को हटाकर नए तार लगाए जाएंगे। साथ ही कमजोर और क्षतिग्रस्त खंभों की जगह मजबूत खंभे स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा सभी टोला में संतुलित वोल्टेज बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार
प्रतिनिधियों ने कहा कि विधायक संजीव सरदार के निर्देशानुसार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है। बेहतर बिजली व्यवस्था से न केवल दैनिक जीवन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, व्यवसाय और ग्रामीण विकास को भी नई गति मिलेगी।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रतिनिधि मंडल के सदस्य सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, हितेश भकत, चक्रधर महतो एवं वीरेन पात्रों शामिल रहे। वहीं परगना बाबा हरिपद मुर्मू, वैष्णव समाज के अगुआ नवदीप दास, बिजली विभाग के एसडीओ संतोष कुमार, बबलू टुडू, बिरेन्द्र बास्के, बास्ता मुर्मू, मिहिर दास, राथु सरदार, धोनी दास, महेश्वर मुर्मू सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इससे गांव में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

