
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की, जिसमें विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की सुरक्षा, बजट उपयोग एवं चयन परीक्षा की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
निरीक्षण में कक्षाएं, लैब, छात्रावास और खेल मैदान शामिल
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय एवं छात्रावासों का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और अन्य गतिविधियों की समीक्षा करते हुए स्कूल प्रबंधन से विस्तृत जानकारी ली. साथ ही छात्रों के सर्वांगीण विकास और करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर जोर दिया.

ग्रामीण प्रतिभाओं के विकास पर दिया विशेष जोर
उपायुक्त ने कहा कि नवोदय विद्यालयों में मुख्य रूप से ग्रामीण परिवेश के प्रतिभावान छात्र शिक्षा प्राप्त करते हैं, इसलिए उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को अनिवार्य बताया.
छात्रों से संवाद, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मान
विद्यालय पहुंचने पर छात्रों ने बैंड पार्टी, सामूहिक गान के माध्यम से उपायुक्त का स्वागत किया. इस दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी. उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता और समाज के सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया.

सुविधाओं के विस्तार व स्वास्थ्य जांच पर दिए निर्देश
उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध बेहतर शिक्षा व्यवस्था, खेल मैदान और स्मार्ट कक्षाओं की सराहना की. साथ ही आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने और सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए बहरागोड़ा के एमओआईसी को विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय कर हेल्थ कार्ड अपडेट करने का निर्देश दिया.
बैठक में बहरागोड़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, एमओआईसी बहरागोड़ा, विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

