उदित वाणी,जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। रेलवे लाइन के किनारे स्थित कान्हा स्वीट्स के पास एक युवक का शव ट्रेन से कटा हुआ पाया गया। सुबह-सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने जब ट्रैक के पास शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो गदरा (गोविंदपुर) का रहने वाला बताया जा रहा है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी हीरो होंडा मोटरसाइकिल (संख्या जेएच 05 सीडी 9980) भी बरामद की गई, जिससे पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिली।
प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन से कटकर मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना है या आत्महत्या, जिसे लेकर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की बात कह रही है।


