उदित वाणी, पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक एक बार फिर सनसनी का केंद्र बन गया है. रविवार दोपहर लेक में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में दहशत फैल गई. चौंकाने वाली बात यह है कि इससे महज चार दिन पहले गुरुवार को भी यहां से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. लगातार दूसरी बार शव मिलने से स्थानीय लोग हैरान और चिंतित हैं.
लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि ये घटनाएं महज हादसे हैं या इसके पीछे आत्महत्या, हत्या या किसी साजिश की कड़ी जुड़ी हुई है. स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही महिला के शव पर पड़ी, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला. घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई.
प्राथमिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के थानों को भी सूचित किया गया है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा सके. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना का नतीजा है.
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. इस लगातार हो रही घटनाओं के बाद इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल व्याप्त है, वहीं लोग इस रहस्य से पर्दा उठने का इंतजार कर रहे हैं. बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.


