उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सिविल कोर्ट के अधिवक्ता प्रतीक शर्मा के छोटे भाई अंकित शर्मा (31) की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार और परिचितों में शोक की लहर है.
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में लिखा कि अंकित एक प्रतिभाशाली और उज्ज्वल भविष्य वाले युवा थे. उनका इस तरह अचानक चले जाना अत्यंत पीड़ादायक और मर्माहत करने वाला है. श्री राय ने यह भी कहा कि शर्मा परिवार से उनका आत्मीय संबंध रहा है, ऐसे में इस दुख की घड़ी में वह पूरी संवेदना के साथ उनके साथ खड़े हैं.
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि अक्सर कहा जाता है कि जिन्हें ईश्वर अधिक प्रेम करते हैं, उन्हें अपने पास जल्दी बुला लेते हैं. अंकित का असमय निधन इसी कहावत को चरितार्थ करता है. फिलहाल, सरयू राय धार्मिक कार्यक्रम के सिलसिले में अयोध्या में हैं, जहां से उन्होंने शोक संदेश जारी किया.
बताया जाता है कि दिवंगत अंकित के बड़े भाई प्रतीक शर्मा, विधायक सरयू राय के करीबी सहयोगी रहे हैं. इस घटना से उनके समर्थकों और जानने वालों में भी गहरा दुख व्याप्त है.
इधर, अंकित शर्मा का अंतिम संस्कार स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ. उनके चचेरे छोटे भाई तनिश ने मुखाग्नि दी. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और शुभचिंतक मौजूद रहे, जिन्होंने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.


