
उदित वाणी, रांची : भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शनिवार को झारखंड के एक दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जनजातीय गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा को नमन किया और दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया.
रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्य मंत्री सुदिव्य कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया.

उलिहातु में श्रद्धांजलि, भावुक हुए उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति इसके बाद उलिहातु पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली का दर्शन किया, उनके वंशजों से मुलाकात की और बिरसा मुंडा परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन और बलिदान आज भी देश की पीढ़ियों को प्रेरित करता है.
रांची में भी कार्यक्रमों की श्रृंखला
खूंटी से लौटने के बाद उपराष्ट्रपति ने रांची के बिरसा चौक पर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इसके बाद वे भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस अवसर पर वे छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे और दीक्षांत भाषण देंगे.
जनजातीय गौरव और विकास पर जोर
उपराष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के निर्णय की सराहना की. साथ ही पीएम-जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची और खूंटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट से लेकर प्रमुख स्थलों तक पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
* 03:00 PM – IIM रांची में दीक्षांत समारोह
* 05:20 PM – रांची से प्रस्थान

