
उदित वाणी, जमशेदपुर: एक्सएलआरआई, जमशेदपुर के 70वे दीक्षांत समारोह का आयोजन टाटा ऑडिटोरियम में शनिवार 28 मार्च शाम पांच बजे किया जाएगा। इसमें आईसीआईसीआई बैंक के सीईओ संदीप बख्शी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान बख्शी को पूर्व में औद्योगिक और सामाजिक शांति के लिए ‘सर जहांगीर गांधी मेडल’ से भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिप्लोमा और पदक प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना के साथ होगा, जिसके पश्चात संस्थान के निदेशक वार्षिक रिपोर्ट पेश करेंगे और चेयरमैन का संबोधन होगा। इस अवसर पर न केवल मेधावी छात्रों को उनके शोध और शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सराहा जाएगा, बल्कि संस्थान को लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में देश के कई दिग्गज उद्योगपतियों के जुटने की संभावना है।

