
उदित वाणी जमशेदपुर : रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने शहर में व्यापक सुरक्षा और यातायात नियंत्रण की तैयारी पूरी कर ली है। शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहर के 44 प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही 29 मार्च तक अलग-अलग समयावधि में भारी वाहनों, तीनपहिया और अन्य यात्री वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
प्रशासन के निर्देशानुसार 28 मार्च की सुबह 6 बजे से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी। कई प्रमुख चौक-चौराहों पर नो-इंट्री लागू की जाएगी, जबकि आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विशेष रूप से विसर्जन घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने।
सुरक्षा के मद्देनजर रैपिड एक्शन फोर्स सहित अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। घाट क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट और स्वयंसेवकों की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
प्रशासन ने मानगो, कदमा और परसूडीह को अतिसंवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है। इन इलाकों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी। राज्य स्तर से भी अधिकारियों को इन क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, रामनवमी विसर्जन को देखते हुए जिले की 109 लाइसेंसी शराब दुकानों को शनिवार के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्र ने सभी लाइसेंसधारकों को इसका पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
