
उदित वाणी जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में जब एक सनकी युवक ने अचानक उत्पात मचाते हुए इलाके में खड़ी कारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। हाथ में लाठी लेकर घूम रहे युवक ने एक के बाद एक कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए, जिससे स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने नौलखा अपार्टमेंट, एफ रोड और पांच नंबर रोड जैसे अलग-अलग स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। नौलखा अपार्टमेंट में चार, एफ रोड पर तीन और पांच नंबर रोड में दो कारों के शीशे क्षतिग्रस्त किए गए। इस अचानक हुई घटना से लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन युवक की आक्रामकता के कारण कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
इस घटना में कई कार मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित लोगों में प्रीति झा, हर्षदीप सिंह, एनके चौधरी सहित अन्य स्थानीय निवासी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त वाहनों में एक कार न्यायाधीश के रिश्तेदार की भी थी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में युवक की हरकतें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं, खासकर एफ रोड पर कार का शीशा तोड़ते समय उसकी गतिविधियां साफ रिकॉर्ड हुई हैं।
घटना के बाद पीड़ितों ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी तेज कर दिया है। फिलहाल युवक की मंशा क्या थी, यह उसकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
