
उदित वाणी,जमशेदपुर: बागबेड़ा में वृहद जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बचे हुए कार्यों की प्रगति का आज जिला पार्षद डॉ. कविता परमार के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पिछले सप्ताह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से हुई बैठक के बाद तय किया गया था, ताकि समय पर कार्य पूरा किया जा सके और क्षेत्रवासियों को भरोसे के साथ संदेश दिया जा सके कि जून महीने के पहले सप्ताह तक पानी की आपूर्ति शुरू हो सकेगी।
पाइप लाइन और इंटक वेल का निरीक्षण
सबसे पहले टीम ने बागबेड़ा बड़ौदा घाट पर चल रहे पाइप लाइन के काम का जायजा लिया। कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने आश्वासन दिया कि दो सप्ताह में नदी के ऊपर से पाइप लाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद सापड़ा, आदित्यपुर स्थित इंटक वेल का निरीक्षण किया गया। यहाँ मोटर और बिजली का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इंटक वेल के पास बचे हुए पाइप कनेक्शन का काम एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। इंटक वेल से गिद्दी झोपड़ी तक लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र में कई तकनीकी बाधाएँ पार कर ली गई हैं, और दो-तीन छोटे प्वाइंट पर कार्य अगले सप्ताह तक निपटा लिया जाएगा।
हाइड्रोटेस्टिंग जल्द शुरू
कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि 10 दिन के भीतर हाइड्रोटेस्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। निरीक्षण में पार्षद डॉ. कविता परमार के साथ मुखिया राजकुमार गौड़, पंचायत समिति सदस्य राजू सिंह, झरना मिश्रा, अभिषेक उपाध्याय, कार्यपालक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता भी मौजूद थे।
नियमित निगरानी से कार्य में तेजी
डॉ. कविता परमार ने कहा कि आज के दौरे से उम्मीद जगी है और आशा है कि इस गर्मी में ही लाभुकों को पानी की आपूर्ति शुरू कराई जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि हर सप्ताह सभी साइटों का निरीक्षण किया जाएगा और कार्य की प्रगति से उपायुक्त को नियमित अवगत कराया जाएगा।

