
उदित वाणी, रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के चरणों में नमन करते हुए राज्य की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भीड़, आस्था का संगम
रामनवमी के मौके पर तपोवन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्राओं का भी यहां समागम हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर दिखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्हें इस आस्था के संगम में शामिल होने का अवसर मिला है।

सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को सभी अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने अपील की कि यह पर्व सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समरसता के साथ मनाया जाए, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके।
तपोवन मंदिर के सौंदर्यीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका इतिहास काफी पुराना और विशिष्ट है। मंदिर की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए इसके सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर को और भव्य स्वरूप देने का कार्य जल्द पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने अंत में भगवान श्रीराम से सभी लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की और राज्य में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।

