
उदित वाणी, रांची: राज्य सरकार ने किडनी मरीजों की होनेवाली परेशानी को देखते हुए राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी डायलिसिस की सुविधा बहाल करने का निर्णय लिया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने डायलिसिस की सुविधा बहाल करने के लिए कुल 77 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का चयन किया है. वहीं वर्तमान में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड के सदर अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है.
राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में पीपीपी मोड में यह योजना संचालित की जा रही है. हालांकि इसका लाभ बीपीएल मरीजों को ही मिलता है. जबकि रिम्स के अलावा कुछ मेडिकल कालेजों में भी यह सुविधा उपलब्ध है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डायलिसिस केंद्रों का संचालन का पूरा वित्तीय भार राज्य सरकार द्वारा उठायी जायेगी. यद्यपि इनका संचालन सरकार स्वयं करेगी या फिर यहां भी पीपीपी मोड पर व्यवस्था लागू होगी. इसपर अभी निर्णय नहीं लिया गया है.
रांची में खुलेगा किडनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में किडनी मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल खोलने का भी निर्णय लिया है. इसके लिए रांची में 2200 बेड का एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की पहल की जा रही है. इस किडनी अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट समेत सभी उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगे. इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आस्ट्रेलिया के आस्टिन हास्पिटल एंड सर्विसेज के साथ तकनीकी सहयोग पर उच्च स्तरीय चर्चा की गई है.

