
उदित वाणी, रांची/जमशेदपुर : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को दबोचा है. इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू झारखंड से जुड़ा है, क्योंकि गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे जाली नोटों की खेप झारखंड के ही एक सप्लायर से प्राप्त करते थे.
भारी मात्रा में बरामदगी और झारखंड कनेक्शन
पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से 500-500 रुपये के कुल 234 नकली नोट बरामद किए गए हैं. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें यह खेप झारखंड निवासी एक अज्ञात व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी. आरोपी इन नकली नोटों को राहगीरों को असली बताकर खपाते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे.
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सुबेध कुमार शाह (46), रोहित (26) और नोएडा निवासी मुन्ना उर्फ हरीश (30) के रूप में हुई है. पुलिस को जानकारी मिली है कि ये आरोपी पहले भी करीब 20 हजार रुपये के जाली नोट बाजार में खपा चुके थे और दोबारा किसी बड़े सौदे की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
झारखंड सप्लायर की तलाश तेज
गाजियाबाद पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की कुंडली खंगाल रही है जो झारखंड से इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहा है. मामले में BNS की धारा 179/180 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस गिरोह के झारखंड संपर्कों का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा.

