
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में चर्चित बिल्डर अजय अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का एक और मामला दर्ज किया गया है. यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब आरोपी पहले से ही न्यायिक हिरासत में है और उसकी जमानत याचिका निचली अदालत द्वारा खारिज की जा चुकी है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठने के आरोप हैं. इससे पहले 17 मार्च को साकची पुलिस ने शंकर लाल अग्रवाल की शिकायत पर दर्ज 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अजय अग्रवाल को रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया था. जांच में यह भी सामने आया कि कई लोगों को ठगने के बाद वह जमशेदपुर छोड़कर गुजरात फरार हो गया था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने उसकी जमानत याचिका पहले ही खारिज कर दी थी. इसके बाद आरोपी ने जिला न्यायाधीश की अदालत में जमानत के लिए पुनः अर्जी दाखिल की है. इस पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, जिससे मामले की विस्तृत समीक्षा की जा सके.
गौरतलब है कि अजय अग्रवाल शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति इंदर अग्रवाल का भतीजा बताया जा रहा है. लगातार सामने आ रहे मामलों ने शहर के रियल एस्टेट कारोबार में हलचल पैदा कर दी है. पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों और मामलों की भी जांच कर रही है.

