
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 26 मार्च को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस उप-महानिरीक्षक (जगुआर, रांची) इंद्रजीत माहथा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें जिले की विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। खासकर संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस एवं शोभायात्राओं को लेकर विशेष तैयारी पर जोर दिया। सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करें और संभावित जोखिम वाले स्थानों का पहले से आकलन कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें। साथ ही, यातायात प्रबंधन को भी सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस योजना बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि माहौल को बिगड़ने से रोका जा सके। इसके लिए साइबर टीम को सक्रिय रहने और लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
इस अहम बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक (नगर)कुमार शिवाशीष एवं सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि रामनवमी का पर्व जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में संपन्न हो।

