
उदित वाणी,जमशेदपुर: शहर में आगामी पर्व-त्योहार और झंडा जुलूस को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के डीआईजी इंद्रजीत ने बुधवार को जमशेदपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
डीआईजी ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सीनियर एसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
झंडा जुलूस रूट का निरीक्षण
बैठक के बाद डीआईजी इंद्रजीत ने अधिकारियों के साथ शहर में निकलने वाले झंडा जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संभावित बाधाओं का जायजा लिया गया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डीआईजी ने सभी जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों से अपील
पलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

