
उदित वाणी,जमशेदपुर: राजधानी दिल्ली में हुए साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत इचड़ा गांव से शातिर अपराधी राज भकत को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में जमशेदपुर के सीतारामडेरा निवासी आकाश कुमार कालिंदी को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपियों पर दिल्ली के एक व्यक्ति से 7 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
मामले की शुरुआत 16 मार्च को हुई, जब पश्चिमी दिल्ली के साइबर थाने में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल ट्रेल के जरिए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान जादूगोड़ा निवासी राज भकत और जमशेदपुर के सिरंदर निवासी आकाश कुमार कालिंदी के रूप में हुई।
गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की विशेष टीम जादूगोड़ा और जमशेदपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से इचड़ा गांव में छापेमारी कर राज भकत को दबोच लिया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिल गई।
जमशेदपुर कोर्ट से भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

