
उदित वाणी, आदित्यपुर: केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति, सरायकेला_खरसावां के द्वारा 28 मार्च को शाम 6 बजे से फुटबॉल मैदान, आदित्यपुर में कार्यक्रम आहूत किया गया है, जहां विभिन्न अखाड़ा कमिटियों के द्वारा खेल_करतब का प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान कुल 8 अखाड़ा कमिटियों के द्वारा वहां खेल करतब का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सहमति संबंधित अखाड़ा कमिटियों के द्वारा दी गई है.
इस हेतु आवश्यक तैयारियां जोर_शोर से चल रही है. कार्यक्रम में अतिथि के रुप में जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ समीर सवैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, नगर निगम के महापौर संजय सरदार व उप महापौर अंकुर सिंह, नगर निगम के प्रशासक रवि प्रशासक तथा गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार को आमंत्रित किया गया है.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में समिति की स्थापना की गई थी. समिति के अध्यक्ष देवांग चन्द्र मुखी महासचिव श्रीराम ठाकुर ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण माहौल में पारंपरिक शौर्य कला का प्रदर्शन करना है.
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में केंद्रीय कमिटी के सभी पदाधिकारी और सदस्य लगे हुए हैं. इस अवसर पर भोला मिश्रा, भगलू सोरेन, सुनील कुंवर, जैनेन्द्र कुमार मुन्ना आदि उपस्थित थे.

