
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने खसमहल भूमि के लीज नवीकरण को लेकर बड़ा कदम उठाया है. लीजधारियों द्वारा समय पर आवेदन नहीं देने के कारण राजस्व हानि की स्थिति को देखते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कार्यालय ने विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश जारी किया है.
अलग-अलग अंचलों में लगाए जाएंगे शिविर
जारी आदेश के अनुसार, लीज नवीकरण के लिए आवेदन प्राप्त करने हेतु भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय, सदर चाईबासा, पोड़ाहाट चक्रधरपुर और जगन्नाथपुर में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. यह शिविर 6 से 11 अप्रैल 2026 तक आयोजित होंगे, जिनका समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है.
लीजधारियों से आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लीजधारियों से आवेदन प्राप्त करें. साथ ही प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार लीज नवीकरण की प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव जिला राजस्व शाखा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
आवश्यक दस्तावेजों की सूची जारी
लीज नवीकरण के लिए आवेदन के साथ कई आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. इनमें आवेदन पत्र, मूल लीज डीड की छायाप्रति, अद्यतन लगान रसीद, आधार कार्ड की कॉपी, मृत्यु प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), इंडेम्निटी बॉन्ड, वंशावली सत्यापन तथा पार्टिशन डीड (यदि लागू हो) शामिल हैं.
राजस्व हानि रोकने की पहल
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से लंबित लीज नवीकरण मामलों का निष्पादन तेजी से होगा और राजस्व हानि को रोका जा सकेगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि लीजधारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

