
उदित वाणी, जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह स्थित बाबरी बस्ती में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दयाल बाग के रूप में हुई है, जो पेशे से लकड़ी टाल में मजदूरी करता था और अपने पीछे तीन छोटी बेटियां छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार देर रात दयाल नशे की हालत में घर लौटा और पैसों की मांग करने लगा। जब घरवालों ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसने गुस्से में आकर मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया।
कुछ देर बाद वह वापस कमरे में गया और फांसी का फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां दयाल फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

