
उदित वाणी, जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमोद नगर स्थित जूही रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिवार के बाहर रहने का उठाया फायदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के मालिक गोविंद चंद्र हांसदा, जो पंजाब नेशनल बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, इन दिनों अपने परिवार के साथ पंजाब गए हुए थे। इसी का फायदा उठाते हुए बीती रात चोरों ने घर का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया।
सुबह दाई ने देखी घटना, बिखरा मिला सामान
बुधवार सुबह जब घर में काम करने वाली दाई पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। घर की अलमारियां खुली हुई थीं और ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिस्तर पर पड़े मिले, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
सुनियोजित तरीके से की गई चोरी
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से पूरे घर को खंगाला और आराम से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक घर में प्रवेश करते हुए दिखाई दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर छापेमारी में जुटी हुई है।

