
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहीद निर्मल सेवा सदन की 35वीं वर्षगांठ के अवसर पर शास्त्री नगर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन गौतम बॉस, राजकुमार दास एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखने को मिली।
मुख्य अतिथि सहित कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव तथा विशेष अतिथि के रूप में हसन अख्तर इमाम, मेराज खान, सऊद खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
HIV, नशाखोरी, रैबीज और स्वच्छता पर जागरूकता
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शेरु पाल एवं विशेष अतिथि हसन अख्तर इमाम द्वारा लोगों को HIV (एड्स), नशाखोरी, रैबीज और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आगे भी जारी रहेगा जागरूकता अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हसन अख्तर इमाम ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचाई जा सके और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

