
उदित वाणी,जमशेदपुर: शहर में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना के बाद अब मानगो क्षेत्र में एक पागल कुत्ते ने सात लोगों को काटकर दहशत फैला दी है।
घटना मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-5 की है, जहां मंगलवार शाम एक उग्र कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते सात लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़कर धरम टेंट हाउस के समीप एक घर की छत पर बने कमरे में बंद कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और लोग घरों से निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।
मदद के लिए भटके लोग, नहीं मिला त्वरित सहयोग
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने कई जगहों पर फोन कर मदद मांगी, लेकिन कहीं से त्वरित सहायता नहीं मिली।
लोगों ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे खतरनाक आवारा पशुओं को पकड़ने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।

