
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत उलीयान स्थित दुर्गा काली बाड़ी के पास मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.
पीड़ित पक्ष की ओर से सुश्रीति सेन, नीलू प्रमाणिक और पिंकी दास ने बताया कि उनके घर के सामने अक्सर कुछ युवक गाड़ियां खड़ी कर अड्डा जमाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है. मंगलवार को भी कुछ लोग बोलेरो गाड़ी से वहां पहुंचे और पास की एक वुड फर्नीचर दुकान में सामान देखने लगे. इसी दौरान गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई.
वहीं दूसरे पक्ष के राजीव राम का कहना है कि वे दुकान में सामान देखने आए थे और वापस लौटते समय गाड़ी बैक कर रहे थे. इसी दौरान मीनू प्रमाणिक ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया. राजीव राम के अनुसार, उन्होंने समझाने की कोशिश की कि जगह की कमी के कारण वे गाड़ी बैक कर रहे थे, लेकिन इसी बीच मीनू प्रमाणिक ने ईंट-पत्थर फेंक दिए, जिससे गाड़ी को नुकसान पहुंचा और स्थिति बिगड़ गई.
घटना की सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

