
उदित वाणी,जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित सिद्ध-कानू बस्ती से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। इस संबंध में लड़की के पिता रमेश नायक ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, उनकी पुत्री दीपशिखा नायक 19 मार्च की रात करीब 8 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दीपशिखा की एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत होती थी। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।
लड़की का हुलिया जारी करते हुए बताया गया है कि उसकी लंबाई करीब 4 फीट 5 इंच, रंग गोरा है। घटना के समय वह लाल सूट, काला ट्राउजर और लाल सैंडल पहने हुई थी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी दीपशिखा के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित बरामद किया जा सके।

