
उदित वाणी,जमशेदपुर: पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के साथ करीब दो घंटे तक चली अहम बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान यूसीआईएल नरवा पहाड़ विस्थापित कमिटी के सदस्यों की उपस्थिति में रोजगार, पुनर्वास, मुआवजा, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
विस्थापितों के रोजगार पर विशेष जोर
बैठक में यूसीआईएल क्षेत्र के विस्थापितों का मुद्दा सबसे अहम रहा। विधायक ने बताया कि हाल ही में उनकी पहल पर समिति के सदस्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिले थे। उन्होंने निर्देश दिया कि नरवा पहाड़, तुरामडीह, जादूगोड़ा और बंधुघोड़ा माइंस के विस्थापितों के रोजगार से जुड़े मामलों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को भेजी जाए, ताकि यूसीआईएल बोर्ड की अगली बैठक में सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।
सड़क, पानी और सुरक्षा पर फोकस
विधायक ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को भी गंभीरता से उठाया। बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को शीघ्र शुरू करने, बागबेड़ा थाना को आदर्श थाना बनाने, हल्दीपोखर में पुलिस टीओपी निर्माण और गर्मी को देखते हुए पंचायतों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इसके अलावा घाघीडीह केंद्रीय कारा में चापाकल मरम्मत, वैकल्पिक जल व्यवस्था और शौचालय-स्नानघर के जीर्णोद्धार का मुद्दा भी उठाया गया।
ट्रैफिक और सड़क विकास पर निर्देश
करणडीह में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए 100 मीटर लंबा डिवाइडर बनाने तथा हाता से टाटानगर तक सड़क चौड़ीकरण और 4-लेन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया।
समयबद्ध समाधान पर जोर
विधायक संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने विस्थापितों के अधिकार, किसानों और कर्मियों के मानदेय तथा ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को लंबित न रखने की बात कही।
साथ ही आत्मा कर्मियों के बकाया भुगतान, अधिग्रहित सड़कों के मुआवजे, उपस्वास्थ्य केंद्र और आंगनवाड़ी के लिए वैकल्पिक भूमि चयन तथा हाई मास्क लाइट की मरम्मत और नई स्थापना की मांग भी रखी।
मुख्य बिंदु
यूसीआईएल विस्थापितों के रोजगार पर रिपोर्ट जल्द भेजने का निर्देश
बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को शीघ्र पूरा करने पर जोर
बागबेड़ा थाना को आदर्श थाना बनाने की पहल
हल्दीपोखर में पुलिस टीओपी निर्माण का प्रस्ताव
सभी पंचायतों में टैंकर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
घाघीडीह कारा में पानी और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
करणडीह में ट्रैफिक सुधार हेतु डिवाइडर निर्माण
हाता-टाटानगर सड़क चौड़ीकरण और 4-लेन निर्माण की पहल
आत्मा कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान
सड़क अधिग्रहण मुआवजा जल्द देने का निर्देश
हाई मास्क लाइट की मरम्मत और नई स्थापना की मांग
इस बैठक से क्षेत्र के विस्थापितों, किसानों और आम नागरिकों में समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है।

