
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर लौहनगरी में आज 24 मार्च से रामनवमी का उत्सव पूरे शबाब पर नजर आएगा. शहर के विभिन्न अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस निकाले जाएंगे, जिनमें पारंपरिक करतब, हैरतअंगेज प्रदर्शन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और आकर्षक आतिशबाजी के साथ पूरा माहौल भक्तिमय हो उठेगा. जगह-जगह भव्य रोशनी और सजावट से शहर जगमगाएगा.
शहर में लगभग 190 स्थानों पर अखाड़ा आयोजन होगा, 16 स्थान से वसंती दुर्गा पूजा और 12 घाटों पर विसर्जन किया जाएगा.
26 मार्च को दोपहर 2:11 बजे से नवमी तिथि प्रारंभ होगी, जो 27 मार्च को दोपहर 12:02 बजे तक रहेगी. उदयातिथि के अनुसार नवमी तिथि 27 मार्च को मान्य होगी तथा दशमी तिथि 28 मार्च को रहेगी.
जमशेदपुर में रामनवमी पूजा 27 मार्च (शुक्रवार) को संपन्न की जाएगी, जबकि विसर्जन शोभा यात्रा 28 मार्च (शनिवार) को निकाली जाएगी शहर की अधिकांश शोभायात्राएं स्वर्णरेखा घाट पर पहुंचती हैं. केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के नेतृत्व में विभिन्न अखाड़ा समितियों ने तैयारी तेज कर दी है.
विराट रामनवमी महोत्सव का आज रघुवर दास करेंगे उद्घाटन
इसी क्रम में साकची स्थित श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा द्वारा 51वां विराट रामनवमी महोत्सव 24 मार्च से शुरू होगा, जो छह दिनों तक चलेगा. बाल मंदिर के सन्नी संघी ने बताया कि 24 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया . उद्घाटन के साथ सामाजिक संस्थाओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा.
25 मार्च को दीप उत्सव और भव्य आरती, 26 मार्च को बाल हनुमान साज-सज्जा प्रतियोगिता, 27 मार्च को विशाल शोभा यात्रा और 28 मार्च को विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा. शोभा यात्रा में झांकियां, करतब, डंका दल, विद्युत सज्जा और आकर्षक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण होंगी.

झंडा चौक पर भव्य राम दरबार और मंदिर का निर्माण किया गया है, जहां रामलला की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित की गयी है. सोमवार को 23 मार्च की संध्या से संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई.
जम्बू अखाड़ा में धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन की धूम
भालूबासा स्थित श्री श्री बजरंग विजय मंदिर में चैत्र नवरात्रि रामनवमी महोत्सव के अवसर पर 19 से 28 मार्च तक भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. 24 मार्च को शाम 5 बजे 15 व्रतधारी युवकों की भागीदारी से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा में डंका, ताशा, सिंह बाजा, झांकियां और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
25 से 27 मार्च तक हनुमान पूजन, ध्वजा-शस्त्र पूजन और अखाड़ा के करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा. साथ ही प्रसिद्ध कलाकारों मानवी सिंह, दीपक राठौर और श्रद्धा दास की भजन संध्या भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी. महोत्सव का समापन 28 मार्च को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा, जिसमें आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी.
बेल्डिह कालीबाड़ी में वसंती दुर्गा पूजा
उधर, बेल्डिह कालीबाड़ी आश्रम में 24 से 28 मार्च तक वसंती दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा. चैत्र नवरात्र के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि, संधि पूजा, कुमारी पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. श्रद्धालुओं के लिए आनंद मेला और प्रतिदिन आरती, भोग वितरण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी व्यवस्था की गई है.
जमशेदपुर के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी और चैत्र नवरात्रि महोत्सव
टेल्को स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में आयोजित रामनवमी महोत्सव में भक्ति का वातावरण बना हुआ है और सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. सोनारी ललन अखाड़ा में नवरात्रि पूजा पंडाल सजाया गया है, जहां 28 मार्च तक प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन संध्या आयोजित की जा रही हैं जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है.
गोविंदपुर स्थित सामुदायिक विकास मैदान में श्री श्री बासंती दुर्गा पूजा समिति द्वारा बासंती दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है.
इस तरह, शहर के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी और चैत्र नवरात्रि महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए छह दिनों तक उत्सव और भक्ति का अद्भुत अनुभव प्रदान करेंगे, जिसमें जुलूस, करतब, झांकियां, दीपोत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी.

