उदित वाणी, जमशेदपुर: लोहानगरी की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री श्री बाल मंदिर अखाड़ा द्वारा 51वें विराट रामनवमी महोत्सव के तहत साकची झंडा चौक में भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को साकची बाजार स्थित झंडा चौक पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
विधिवत पूजन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। बाल मंदिर के सक्रिय सदस्य अंकित मोदी ने पूरे विधि-विधान से राम लल्ला का पूजन कराया। इस दौरान साकची क्षेत्र भगवामय वातावरण में डूबा नजर आया और आकर्षक विद्युत सज्जा से पूरा इलाका जगमगा उठा।
बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
सुंदरकांड पाठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर जय श्री राम के नारों से माहौल गूंजता रहा। आयोजन में सुमन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सन्नी संघी, ओमप्रकाश अग्रवाल, नरेश संघी, सुरेश खेमका, राजकुमार मवंड़िया, बजरंग अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, कृष्ना अग्रवाल, अभिमन्यु सिंह, संभु चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
24 मार्च को होगा महोत्सव का उद्घाटन
बाल मंदिर के सन्नी संघी ने जानकारी दी कि 24 मार्च, मंगलवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा रामनवमी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक संस्थाओं और रामभक्तों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


