
उदित वाणी,जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी पीपला निवासी जमीन कारोबारी लालटू महतो के अपहरण और बेरहमी से पिटाई का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि उनके परिचित ही बताए जा रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वे चांदनी चौक स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के पास अपने साथी अमितोष महतो उर्फ धनु के साथ खड़े थे। इसी दौरान गोलकाटा निवासी संतोष कर्मकार अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। मारपीट के बाद उन्हें जबरन कार में डालकर पारडीह स्थित एक घर ले जाया गया, जहां विजय शर्मा और उसके ड्राइवर ने भी बुरी तरह पिटाई की।
आरोप है कि पूरी रात लालटू महतो को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया और जबरन 6 लाख रुपये के पांच मनी रिसीव पर हस्ताक्षर करा लिए गए। इसके बाद उन्हें मुसाबनी ले जाकर देर रात तक प्रताड़ित किया गया। तड़के करीब 3 बजे अधमरी हालत में उन्हें घर के बाहर फेंक दिया गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की भयावह तस्वीरें कैद हैं। फिलहाल पीड़ित का इलाज चल रहा है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

